कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक वार्ड में बुधवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब चंडीगढ़ से अचानक घर लौटे एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ कमरे में रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक मजदूरी के सिलसिले में चंडीगढ़ में रह रहा था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे वह अचानक ट्रेन से घर पहुंचा और पत्नी को आवाज दी। दरवाजा खुलते ही पति अपने ही बिस्तर पर एक अन्य युवक को देखकर स्तब्ध रह गया। पति ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी बीच में आ गई और उसे रोकने लगी। इसी दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने प्रेमी-प्रेमिका दोनों को बिजली के खंभे से बांध दिया। बाद में जब उन्हें खोला गया, तब भी महिला अपने प्रेमी से अलग होने को तैयार नहीं हुई और उससे चिपकी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रेमी-प्रेमिका को थाने ले गई।
पुलिस पूछताछ में महिला की पहचान मंजू देवी के रूप में हुई है, जो दो बेटियों की मां है। बच्चियों की उम्र करीब तीन वर्ष और दो वर्ष बताई जा रही है। वहीं युवक की पहचान सौम्य वीर कश्यप के रूप में हुई है, जो शाहजहांपुर जिले के एक गांव का निवासी है और कुशीनगर से लगभग 600 किलोमीटर दूर रहता है।
परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी वही युवक घर आया था, जिसे महिला ने अपनी मौसी का बेटा बताकर दो दिन तक घर में ठहराया था। उस समय पति को शक हुआ था और उसने पूछताछ भी की थी, लेकिन पत्नी अपनी बात पर अड़ी रही। इसके बाद युवक चला गया और कुछ दिनों बाद पति फिर से मजदूरी के लिए चंडीगढ़ चला गया था।
पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया के जरिए पिछले एक वर्ष से युवक के साथ उसका प्रेम संबंध चल रहा था। महिला अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी हुई है, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस प्रेमी-प्रेमिका और दोनों बच्चियों को थाने लेकर आई है। महिला के मायके पक्ष को भी सूचित कर दिया गया है और परिजन थाने पहुंच चुके हैं। फिलहाल महिला अपने प्रेमी के साथ जाने की बात पर कायम है। पुलिस मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Super Fast Times