Breaking News

17 की उम्र में बड़ी उपलब्धि: रिद्धि चौहान ने संभाली अमेरिकी नेवी कैडेट्स की कमान

महज 17 वर्ष की भारतीय-अमेरिकी छात्रा रिद्धि चौहान अपनी नेतृत्व क्षमता के चलते अमेरिका में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। न्यूयॉर्क के बेंजामिन एन. कार्डोजो हाई स्कूल में वह नेवी जूनियर रिजर्व ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉर्प्स (NJROTC) की बटालियन कमांडिंग ऑफिसर हैं, जो इस कार्यक्रम में छात्रों को मिलने वाला सर्वोच्च नेतृत्व पद माना जाता है।

इस भूमिका में रिद्धि करीब 300 कैडेट्स की गतिविधियों, प्रशिक्षण और अनुशासन की जिम्मेदारी संभालती हैं। वह नियमित रूप से सुबह स्कूल शुरू होने से पहले ड्रिल अभ्यास का नेतृत्व करती हैं और जूनियर कैडेट्स का मार्गदर्शन भी करती हैं।

रिद्धि ने अपने नेतृत्व सफर की शुरुआत स्कूल में NJROTC कार्यक्रम से की थी। इस दौरान उन्होंने एकेडमिक कमांडर, STEM कमांडर, प्लाटून लीडर और इंस्पेक्शन कमांडर जैसी कई जिम्मेदारियां निभाईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें बटालियन कमांडिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया।

शैक्षणिक क्षेत्र में भी रिद्धि का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने अपनी टीम को लगातार दो वर्षों तक लीडरशिप एंड एकेडमिक बाउल के अगले चरण तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने स्कूल के पहले SeaPerch अंडरवॉटर रोबोटिक्स कार्यक्रम का नेतृत्व कर छात्रों को रोबोटिक्स और इंजीनियरिंग का व्यावहारिक अनुभव दिलाने में भी योगदान दिया।

रिद्धि का चयन यूएस नेवल एकेडमी प्रिपरेटरी स्कूल में हो चुका है, जिससे अमेरिकी नौसेना में कमीशंड ऑफिसर बनने की दिशा में उनका सपना और करीब पहुंच गया है।

रिद्धि के माता-पिता रुचिका और दिलीप चौहान मूल रूप से राजस्थान के जयपुर से हैं। रिद्धि का कहना है कि नेतृत्व का अर्थ केवल निर्देश देना नहीं, बल्कि दूसरों की सेवा करना, अनुशासन बनाए रखना और अपने कार्यों से प्रेरणा देना है। उनकी यह उपलब्धि भारतीय मूल के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।

About SFT-ADMIN

Check Also

ईरान की शर्तों के आगे झुकेंगे ट्रंप? होर्मुज को लेकर अमेरिकी रणनीति पर बड़ा खुलासा

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने युद्ध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *