*
सुपरफास्ट टाइम्स
विनय सिंह तहसील प्रभारी
हाटा (कुशीनगर)। हाटा तहसील मुख्यालय स्थित सभागार भवन में शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया।प्राप्त शिकायतों का विवरण देते हुए बताया गया कि राजस्व विभाग से 11, पुलिस विभाग से 03, विकास विभाग से 02 तथा अन्य विभागों से 05 मामले आए। राजस्व विभाग से जुड़ी दो शिकायतों का तत्काल समाधान कर शिकायतकर्ताओं को राहत दी गई।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान वार्ड संख्या 14 लोहिया नगर, हाटा निवासी कमलावती देवी ने वृद्धा पेंशन न मिलने को लेकर शिकायती पत्र सौंपा। वहीं वार्ड संख्या 22 ढाढ़ा बुजुर्ग निवासी उपेंद्र कुमार अन्य ने नगरपालिका की भूमि पर वार्ड के एक दबंग व्यक्ति द्वारा शौचालय निर्माण कराए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र जांच व निस्तारण का आदेश दिया।शिकायतकर्ताओं ने बताया कि अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। उन्हें उम्मीद है कि निर्धारित समय के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान अवश्य होगा।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर तथ्यों की जांच करें और गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।कार्यक्रम में कुंदन सिंह (क्षेत्राधिकारी कसया), जया सिंह, सुनील कुमार सिंह, संतोष कुमार दूबे, नगरपालिका से अजय राव, दिव्यांशु पांडेय सहित तहसील व ब्लॉक स्तर के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Super Fast Times