
सुपर फास्ट टाइम्स
संवाददाता रंजीत यादव, हनुमानगंज
नारायनपुर (कुशीनगर): नेबुआ ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा नारायनपुर स्थित डीह टोला निवासी श्री रामनरेश यादव के रिहायशी घर में रात के समय अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा रिहायशी घर आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि घर में बंधी पांच दुधारू भैंसें भी आग की चपेट में आ गईं और बुरी तरह झुलस गईं। आग की लपटों और पशुओं को बचाने के प्रयास के दौरान घर के मालिक रामनरेश यादव भी गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया तथा घायल रामनरेश यादव को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इस दर्दनाक अग्निकांड में रिहायशी घर के साथ घरेलू सामान और जरूरत की कई वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं। वहीं पांच दुधारू भैंसों के झुलसने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार के सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता, पशुओं के नुकसान का मुआवजा और सरकारी स्तर पर हर संभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
परिजनों और ग्रामीणों ने ईश्वर से घायल रामनरेश यादव तथा झुलसे हुए पशुओं के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
Super Fast Times
