Breaking News

जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग से दहला चीन, 28 लोगों की मौत के बाद जांच शुरू

चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आपातकालीन टीमें मौके पर तैनात की गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग दोपहर के समय फैक्ट्री में लगी और देखते ही देखते इमारत के निचले हिस्से से पूरे परिसर में फैल गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और छत की ओर भागते दिखाई दिए। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग की भयावहता साफ नजर आती है।

हादसे के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने विशेष संयुक्त कार्यदल को घटनास्थल पर भेजा है। अधिकारियों को आग पर काबू पाने, फंसे लोगों की तलाश करने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच की जाए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कुछ समय तक फैक्ट्री में मौजूद कई कर्मचारियों से संपर्क नहीं हो सका था। राहत दलों ने लगातार अभियान चलाकर फंसे लोगों की तलाश की।

गौरतलब है कि चीन में पिछले कुछ वर्षों के दौरान औद्योगिक और आवासीय इमारतों में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे हादसों को रोकने के लिए सरकार ने अग्नि सुरक्षा मानकों को सख्त करने और नियमित सुरक्षा निरीक्षण पर जोर दिया है। इसके बावजूद ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, जबकि हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

About SFT-ADMIN

Check Also

शी जिनपिंग के दौरे से भारत-चीन संबंधों में आएगा बदलाव? BRICS में कई मुद्दों पर बनेगी बात

भारत में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन पर दुनियाभर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *