सनी देओल की आगामी फिल्म ‘इक्का’ की स्पेशल स्क्रीनिंग गुरुवार को आयोजित की गई, जहां अभिनेता अपने परिवार के साथ नजर आए। इस दौरान उनके बेटे करण देओल और राजवीर देओल ने मीडिया के सामने पोज दिए, जबकि पत्नी पूजा देओल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। हालांकि उन्होंने कैमरों से दूरी बनाए रखी।
स्क्रीनिंग के दौरान सनी देओल ने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते कंटेंट को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी माध्यम के लिए अच्छा काम करना एक बड़ी जिम्मेदारी है और कलाकारों के साथ-साथ मीडिया की भी अपनी जिम्मेदारियां होती हैं।
अक्षय खन्ना के साथ काम करने पर क्या बोले सनी?
अभिनेता ने फिल्म में अपने सह-कलाकार अक्षय खन्ना की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले से अच्छी समझ और तालमेल है। सनी ने कहा कि वे पहले भी साथ काम कर चुके हैं और इसी वजह से इस फिल्म में भी उनके साथ काम करने का अनुभव काफी सहज रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को दोनों की जोड़ी और फिल्म की कहानी पसंद आएगी।
सनी देओल ने यह भी कहा कि वह किसी फिल्म की सफलता का अनुमान रिलीज से पहले नहीं लगाते। उनके अनुसार, असली फैसला दर्शक करते हैं और वही किसी भी फिल्म की सफलता तय करते हैं।
धर्मेंद्र को किया याद
स्क्रीनिंग के दौरान कई लोगों ने सनी देओल के लुक की तुलना उनके पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र से की। इस पर सनी ने भावुक अंदाज में कहा कि जब वे अच्छा काम करते हैं तो उन्हें लगता है कि उनके पिता जरूर खुश होते होंगे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के लिए इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।
कोर्टरूम ड्रामा में दिखेंगे सनी
‘इक्का’ में सनी देओल एक वकील की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित है, जिसमें अक्षय खन्ना भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर चुका है और अब इसकी रिलीज का इंतजार किया जा रहा है।
यह फिल्म 10 जुलाई से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी, जहां दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे।
Super Fast Times
