भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला आज 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर भी सबकी नजरें रहेंगी। वैभव हाल ही में रेड बॉल क्रिकेट में लगातार तीन मुकाबले खेलकर आ रहे हैं और अब पहली बार भारत की टी20 इंटरनेशनल जर्सी में मैदान पर उतरेंगे।
मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। दिल्ली में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर रहा है और मैच के दिन भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम ऐसा रहने की उम्मीद है कि मुकाबले के पूरी तरह धुलने की आशंका कम है।
इस मैच में दोनों टीमों के कई बड़े खिलाड़ी आमने-सामने होंगे, लेकिन तीन ऐसी प्लेयर बैटल हैं जिन पर खास नजर रहेगी।
जसप्रीत बुमराह बनाम रहमानुल्लाह गुरबाज
अफगानिस्तान के लिए तेज शुरुआत बेहद महत्वपूर्ण होगी। टीम चाहे पहले बल्लेबाजी करे या लक्ष्य का पीछा करे, पावरप्ले में रहमानुल्लाह गुरबाज से आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद होगी।
गुरबाज को शुरुआत में ही जसप्रीत बुमराह की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। बुमराह चोट से वापसी कर रहे हैं और मुकाबले से पहले नेट्स में भी उनकी गेंदबाजी ने काफी प्रभावित किया है। उन्होंने अभ्यास के दौरान वैभव सूर्यवंशी को भी परेशान किया था।
ऐसे में पावरप्ले में बुमराह और गुरबाज की भिड़ंत मैच का रुख तय करने वाली अहम बैटल साबित हो सकती है।
वैभव सूर्यवंशी बनाम नवीन-उल-हक
टी20 इंटरनेशनल में पहली बार भारत के लिए खेलने जा रहे वैभव सूर्यवंशी की नजर शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी पर होगी। वह पारी की शुरुआत करते हैं और पहली गेंद से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने के लिए जाने जाते हैं।
उनके सामने अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। नवीन पावरप्ले में गेंदबाजी करने के साथ-साथ भारत में खेलने का अच्छा अनुभव भी रखते हैं। वह टी20 इंटरनेशनल करियर का 49वां मुकाबला खेलने उतरेंगे और अब तक इस फॉर्मेट में 67 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
हालांकि वैभव के लिए नवीन जैसे अनुभवी गेंदबाज कोई आसान चुनौती नहीं होंगे, लेकिन युवा बल्लेबाज बड़े नामों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में दोनों की टक्कर देखने लायक होगी।
श्रेयस अय्यर बनाम राशिद खान
भारत की संभावित शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, ईशान और अभिषेक जैसे आक्रामक बल्लेबाज शामिल हो सकते हैं। अगर टीम शुरुआत में कुछ विकेट जल्दी गंवा देती है तो पारी को संभालने की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर पर आ सकती है।
श्रेयस को एक तरफ पारी को स्थिरता देने की जरूरत होगी, वहीं उन्हें रन गति भी बनाए रखनी होगी। इसी दौरान उनका सामना अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान से हो सकता है।
राशिद आमतौर पर मिडिल ओवरों में गेंदबाजी करके बल्लेबाजों पर दबाव बनाते हैं और जरूरत पड़ने पर डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी कर सकते हैं। ऐसे में श्रेयस और राशिद की टक्कर भारत की पारी के लिहाज से बेहद अहम हो सकती है।
तीनों बैटल तय कर सकती हैं मैच का रुख
भारत और अफगानिस्तान दोनों के पास टी20 फॉर्मेट के बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। जहां बुमराह-गुरबाज की भिड़ंत पावरप्ले में अहम होगी, वहीं वैभव-नवीन की टक्कर युवा भारतीय बल्लेबाज की परीक्षा लेगी। इसके अलावा मिडिल ओवरों में श्रेयस और राशिद की जंग भी मुकाबले की दिशा बदल सकती है।
Super Fast Times
