Breaking News

अंपायर के निर्णय पर जताया विरोध, पाकिस्तान की खिलाड़ी के खिलाफ ICC ने लिया एक्शन

2026 महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। भारत के खिलाफ मुकाबले में कप्तान फातिमा सना पर कार्रवाई के बाद अब पाकिस्तान की एक और खिलाड़ी आईसीसी की अनुशासनात्मक कार्रवाई की चपेट में आ गई हैं। इस बार गुल फिरोजा पर अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के लिए जुर्माना लगाया गया है।

गुल फिरोजा पर हांगकांग के खिलाफ मुकाबले के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा। आईसीसी ने उन पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके अलावा उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।

किस नियम का किया उल्लंघन?

आईसीसी के मुताबिक, गुल फिरोजा को खिलाड़ियों और उनके सपोर्ट स्टाफ के लिए लागू आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है।

यह गुल फिरोजा का पिछले 24 महीनों के भीतर दूसरा ऐसा अपराध है। इसके साथ ही इस अवधि में उनके कुल डिमेरिट पॉइंट बढ़कर दो हो गए हैं।

इससे पहले उन्हें 23 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप के लीग मुकाबले के दौरान हुए एक मामले में एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।

पांचवें ओवर में हुआ पूरा मामला

हांगकांग के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर के दौरान गुल फिरोजा को LBW आउट दिया गया। अंपायर के इस फैसले से वह सहमत नहीं थीं और उन्होंने मैदान पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की।

गुल ने बल्ले की तरफ इशारा करते हुए संकेत दिया कि गेंद उनके बल्ले के किनारे से टकराई थी। इस तरह उन्होंने ऑन-फील्ड अंपायर के निर्णय पर अपनी असहमति व्यक्त की, जिसे आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन माना।

गुल ने स्वीकार की गलती

गुल फिरोजा ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास ने उन्हें सजा सुनाई, जिसे गुल ने स्वीकार कर लिया।

खिलाड़ी द्वारा अपराध और सजा दोनों स्वीकार किए जाने के कारण इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

फातिमा सना पर भी हो चुकी है कार्रवाई

पाकिस्तान की टीम के लिए यह मौजूदा टूर्नामेंट में दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 5 सितंबर को भारत के खिलाफ मुकाबले के दौरान पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शेफाली वर्मा के आउट होने के बाद उन्हें ‘सेंड ऑफ’ का इशारा किया था।

उस घटना के बाद आईसीसी ने फातिमा सना के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। अब गुल फिरोजा पर हुई कार्रवाई के बाद महिला एशिया कप में पाकिस्तान की खिलाड़ियों का अनुशासन एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

About SFT-ADMIN

Check Also

रोहित शर्मा का वर्ल्ड कप में शानदार सफर, शतकों और छक्कों में बनाया खास रिकॉर्ड

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों अपने वनडे करियर और भविष्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *