Breaking News

Mirzapur The Movie: Gen-Z के प्रदर्शन पर अली फजल की प्रतिक्रिया, कहा- अपनी आवाज उठाना जरूरी

फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद इसकी स्टारकास्ट प्रमोशन में व्यस्त है। इसी सिलसिले में अली फजल, दिव्येंदु और जितेंद्र कुमार फिल्म के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म और अपने किरदारों से जुड़े कई अनुभव साझा किए।

इसी दौरान अली फजल ने Gen-Z के प्रदर्शनों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और आवाज उठाना हर व्यक्ति का अधिकार है। उनके मुताबिक, समाज में उठने वाली ऐसी आवाजों को सुना जाना भी जरूरी है।

Gen-Z के प्रदर्शन पर क्या बोले अली फजल?

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अली फजल ने Gen-Z के प्रदर्शनों पर बात की। उन्होंने प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि लोगों को अपनी बात रखने और अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।

एक्टर ने इस बात पर भी जोर दिया कि समाज में अलग-अलग मुद्दों को लेकर उठने वाली आवाजों को नजरअंदाज करने के बजाय उन्हें सुना जाना चाहिए।

बड़े पर्दे पर लौट रही ‘मिर्जापुर’ की कहानी

वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद अब इसकी कहानी फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर पहुंचने जा रही है। फिल्म में पुराने किरदारों के साथ नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे।

अली फजल ने फिल्म के कंटेंट के बारे में बात करते हुए बताया कि इसमें परिवार और युवाओं से जुड़े पहलुओं के साथ गुस्सा, प्यार, एक्शन और बदले की कहानी देखने को मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कहानी में समाज के भीतर मौजूद गुस्से को भी जगह दी गई है। अपने किरदार के प्रभाव पर बात करते हुए अली फजल ने कहा कि किसी किरदार को लंबे समय तक निभाने के बाद उसका कुछ हिस्सा कलाकार के व्यक्तित्व में भी रह जाता है। हालांकि, वह निजी जीवन और किरदार के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश करते हैं।

ब्रह्मा मिश्रा को याद कर भावुक हुए दिव्येंदु

‘मुन्ना भैया’ के किरदार से लोकप्रिय हुए दिव्येंदु ने फिल्म के बारे में बताया कि इसकी कहानी का कनेक्शन ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन से भी जुड़ा हुआ है। फिल्म में पुराने किरदारों के साथ कुछ नए किरदारों को भी शामिल किया गया है।

बातचीत के दौरान दिव्येंदु दिवंगत अभिनेता ब्रह्मा मिश्रा को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि टीम उन्हें बहुत याद करती है और शूटिंग के दौरान भी उनकी कमी महसूस हुई।

दिव्येंदु के लिए अपने पुराने किरदार में दोबारा उतरना भी आसान नहीं था। हालांकि, शूटिंग शुरू होने के बाद धीरे-धीरे वह फिर उसी किरदार के अंदाज में ढल गए।

जितेंद्र कुमार को अली फजल ने सिखाई बंदूक चलाना

फिल्म में नजर आने वाले जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह कहानी पहले सीजन से आगे निकलकर एक अलग दुनिया तैयार करती है। उन्होंने अपने किरदार के अनुभव को शानदार बताया।

मजाकिया अंदाज में जितेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि फिल्म के लिए बंदूक चलाना उन्हें अली फजल ने सिखाया।

रवि किशन निभाएंगे विलेन का रोल

फिल्म में अभिनेता रवि किशन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। अली फजल ने बताया कि रवि किशन फिल्म में विलेन का किरदार निभा रहे हैं।

उन्होंने रवि किशन की तारीफ करते हुए कहा कि अभिनेता लगातार कुछ नया करने की कोशिश करते रहते हैं और फिल्म में उनका किरदार भी काफी महत्वपूर्ण है।

4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। फिल्म में पुराने चेहरों के साथ नए किरदार और नया सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

About SFT-ADMIN

Check Also

एयर इंडिया के पायलट का ड्रग टेस्ट निकला नॉन-नेगेटिव, कंपनी ने तुरंत किया नौकरी से बाहर

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई गंभीर घटना के मामले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *