Breaking News

बॉलीवुड में संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हुए अमिताभ, सेट पर सुननी पड़ती थी डांट

मुंबई। आज बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में शुमार अमिताभ बच्चन ने अपने करियर की शुरुआत आसान परिस्थितियों में नहीं की थी। इंडस्ट्री में जगह बनाने के दौरान उन्हें भी रिजेक्शन और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन में उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि शुरुआती दौर में लोग उनकी लंबाई और अभिनय क्षमता को लेकर भी सवाल उठाते थे।

‘तुम्हें एक्टिंग नहीं आती, बहुत लंबे हो’

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन, जसवंत कुमार, शर्मिला धनकर और अस्मिता डे के साथ बातचीत के दौरान शो में एक सवाल ने अमिताभ बच्चन को अपने शुरुआती करियर की याद दिला दी।

अस्मिता डे ने उनसे पूछा कि जिस तरह खेल के मैदान में गलती करने पर खिलाड़ियों को कोच से डांट सुननी पड़ती है, क्या फिल्म सेट पर कलाकारों को भी निर्देशक की फटकार का सामना करना पड़ता है?

इस पर अमिताभ बच्चन ने अपने संघर्ष के दिनों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती समय में उन्हें ऐसी बातें सुनने को मिलीं कि उन्हें अभिनय नहीं आता और वह अभिनेता बनने के लिए बहुत लंबे हैं।

उनके मुताबिक, लोगों ने यहां तक कह दिया था कि ‘तुम्हें एक्टिंग-वैक्टिंग कुछ आता ही नहीं, बहुत लंबे हो, अपने घर जाओ।’

देर से पहुंचने पर फिल्म से निकाल दिया गया

अमिताभ बच्चन ने यह भी बताया कि जब उन्हें काम मिलना शुरू हुआ, तब भी मुश्किलें खत्म नहीं हुई थीं। उन्होंने अपने एक पुराने अनुभव को याद करते हुए कहा कि एक बार वह शूटिंग पर पहुंचने में देर हो गए थे।

उन्होंने बताया कि उस समय उनके पास अपनी गाड़ी नहीं थी और वह किसी दूसरे की कार से सेट पर पहुंचे थे। जब वह वहां पहुंचे तो निर्देशक सेट के बाहर मौजूद थे। देरी से पहुंचने पर निर्देशक ने उन्हें फिल्म से ही बाहर कर दिया।

यह किस्सा बताता है कि शुरुआती दौर में अमिताभ बच्चन को काम हासिल करने के साथ-साथ अपनी जगह बनाए रखने के लिए भी कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं बिग बी

अमिताभ बच्चन ने अपने लंबे करियर में एक के बाद एक कई यादगार किरदार निभाए और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। 83 वर्ष की उम्र में भी वह फिल्मों और टेलीविजन से जुड़े हुए हैं।

उन्हें पिछली बार नाग अश्विन की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में देखा गया था। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में थे।

अब फिल्म के अगले भाग को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है, जिसमें अमिताभ बच्चन के किरदार को लेकर फैंस काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

About SFT-ADMIN

Check Also

एयर इंडिया के पायलट का ड्रग टेस्ट निकला नॉन-नेगेटिव, कंपनी ने तुरंत किया नौकरी से बाहर

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई गंभीर घटना के मामले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *