सुपरफास्ट टाइम्स 
दुर्गेश बहादुर यादव, ब्लॉक प्रभारी
कुशीनगर (सुकरौली)।
सुकरौली विकासखंड के अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत महुई गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। खेत में गेहूं की पराली बुझाने गए एक बुजुर्ग किसान की अचानक भड़की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, महुई गांव निवासी बुधिराम सिंह (पुत्र फौजदार सिंह) अपने खेत में पराली बुझाने गए थे। इसी दौरान अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते वे उसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें संभलने का कोई अवसर नहीं मिला।
आसपास के ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बुधिराम सिंह बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
ग्राम प्रधान देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा घटना की सूचना अहिरौली थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मृतक परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उनके पुत्र छेदी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, जिससे परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं पर थी।
परिवार में पोते-पोतियों की जिम्मेदारी भी अब अधर में लटक गई है। छेदी के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। इस घटना के बाद उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें सहारा मिल सके।
Check Also
राष्ट्रीय पत्रकार परिषद की बैठक संपन्न: संगठन विस्तार और एकजुटता पर जोर
गाज़ीपुर। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद की मासिक बैठक जिले में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुई। …
Super Fast Times