रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर तैयारियां तेज हैं। वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचेंगे और सम्मेलन से इतर 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को भारत-रूस संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बैठक से पहले क्रेमलिन की ओर से बातचीत के संभावित मुद्दों को लेकर जानकारी सामने आई है। रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच भारत में नए परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और रूस के SU-57 लड़ाकू विमान समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
अमेरिकी प्रतिबंधों का मुद्दा भी उठ सकता है
रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने के अमेरिका के प्रस्तावित कदम पर भी रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पेस्कोव ने इसे अवैध और अस्वीकार्य बताया। ऐसे में माना जा रहा है कि मोदी और पुतिन की बातचीत में रूस पर लगाए जा रहे प्रतिबंधों और उनसे जुड़े घटनाक्रम पर भी चर्चा हो सकती है।
यूक्रेन संघर्ष को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत होने की संभावना है। पेस्कोव ने कहा कि रूस यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान की कोशिशों में भारत के योगदान की इच्छा का स्वागत करता है।
इससे पहले भी मोदी और पुतिन की मुलाकात एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर हो चुकी है। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और शांति का रास्ता तलाशने पर जोर दिया था।
भारत को रणनीतिक साझेदार मानता है रूस
दिमित्री पेस्कोव ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के संबंधों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच अच्छे रिश्ते हैं और वे वैश्विक स्तर के विभिन्न मुद्दों पर लगातार संपर्क में रहते हैं।
क्रेमलिन के प्रवक्ता ने भारत को रूस का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग भी लगातार आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, मोदी और पुतिन के बीच करीबी व्यक्तिगत संपर्क है और दोनों नेता संवेदनशील विषयों पर भी खुलकर चर्चा कर सकते हैं।
रूसी सेना में भारतीय नागरिकों को लेकर क्या कहा?
रूस की सेना में भारतीय नागरिकों के कथित रूप से शामिल होने के सवाल पर भी पेस्कोव ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे भारतीय नागरिकों की सूची तैयार की जा रही है, जो इस समय रूस में युद्ध क्षेत्र में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि सूची तैयार होने के बाद इन भारतीयों को वापस भारत भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
BRICS में राष्ट्रीय मुद्राओं में बढ़ रहा कारोबार
BRICS को लेकर पेस्कोव ने बताया कि सदस्य देशों के बीच करीब 90 प्रतिशत लेनदेन राष्ट्रीय मुद्राओं में हो रहा है। उन्होंने BRICS की भारत की अध्यक्षता की सराहना करते हुए आगामी शिखर सम्मेलन से सकारात्मक नतीजे आने की उम्मीद जताई।
रूस के लिए भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक सहयोग के साथ-साथ उच्च स्तर पर संपर्क भी लगातार जारी है।
11 से 13 सितंबर तक होगा BRICS सम्मेलन
2026 का BRICS शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इस बार BRICS की अध्यक्षता भारत कर रहा है और सम्मेलन में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष एवं शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, रणनीतिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। ऐसे में मोदी-पुतिन की द्विपक्षीय बैठक पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
Super Fast Times
